गौरैया संरक्षण के लिए लगाए गए घोंसले, संस्था के सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। सेवादान फाउंडेशन के तत्वावधान में 13 अप्रैल 2026 को संजय वन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान गौरैया एवं अन्य पक्षियों की लगातार घटती संख्या को ध्यान में रखते हुए उन्हें संरक्षित करने की पहल की गई।
अभियान के अंतर्गत संस्था के सदस्यों द्वारा संजय वन क्षेत्र में कृत्रिम घोंसले लगाए गए, जिससे गौरैया जैसे छोटे पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके और उनकी संख्या में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विशेष रूप से आशुतोष त्रिपाठी, अभिनन्दन, भिक्षा, आदित्य, सोनाली त्रिवेदी और अग्रिम त्रिवेदी मौजूद रहे।
संस्था द्वारा इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए आमजन से भी इस तरह के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई।


