
देशभर के 5 शहरों में हुए आयोजन, स्टार्टअप, AI, हेल्थ और क्रिएटिव इकोनॉमी पर हुई चर्चा
- समय टुडे डेस्क।
अखिलेश यादव की परिकल्पना पर आधारित ‘विजन इंडिया समिट’ देश के विभिन्न शहरों में आयोजित की गई, जिसमें बेंगलुरु, हैदराबाद, भुवनेश्वर, मुंबई और जयपुर शामिल रहे। इन आयोजनों में बुद्धिजीवियों, युवाओं, उद्यमियों और विशेषज्ञों ने भाग लेकर विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
समाजवादी पार्टी की इस पहल का उद्देश्य ‘Plan, Develop, Ascent’ (योजना, विकास, प्रगति) के मंत्र के साथ देश के लिए एक प्रगतिशील रोडमैप तैयार करना रहा। बेंगलुरु में आयोजित पहले समिट में स्टार्टअप्स और युवाओं पर विशेष फोकस रखा गया, जहां अखिलेश यादव ने कहा कि “हर समस्या का समाधान एक स्टार्टअप हो सकता है।”
हैदराबाद समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीक के उपयोग पर जोर दिया गया। उन्होंने प्रशासन, कृषि, स्वास्थ्य और अपराध नियंत्रण में AI के इस्तेमाल को जरूरी बताया, साथ ही साइबर अपराध और डीपफेक जैसी चुनौतियों को लेकर सतर्क रहने की बात कही।
भुवनेश्वर में ‘होलिस्टिक हेल्थ समिट’ के जरिए समग्र स्वास्थ्य पर चर्चा हुई। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि स्वास्थ्य केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन का विषय है।
मुंबई में आयोजित समिट ‘क्रिएटिव इकोनॉमी’ पर केंद्रित रहा, जहां रचनात्मकता, समानता और अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता ही नवाचार और आर्थिक विकास की असली ताकत है।
वहीं जयपुर में ‘हारमोनियस हेरिटेज समिट’ के दौरान सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता पर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने कहा कि “समरसता से ही शांति और प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है।”
उन्होंने इस पूरी पहल के जरिए स्पष्ट किया कि ‘विजन इंडिया’ का लक्ष्य विकास, तकनीक, सामाजिक न्याय और समान अवसरों पर आधारित एक समावेशी भारत का निर्माण करना है।


