एस. एम. क़ासिम आबिदी ने चौकियों व चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और सतर्कता परखी, कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के दिए निर्देश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस. एम. क़ासिम आबिदी द्वारा थाना बिठूर क्षेत्र के अंतर्गत यश कोठारी चौराहा चौकी, सिंहपुर तथा थाना शिवराजपुर क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, सतर्कता एवं ड्यूटी निर्वहन की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और सजगता के साथ करें। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसीपी ने आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस की छवि जनसेवा से जुड़ी है, इसलिए नागरिकों के साथ विनम्रता और सहयोग की भावना बनाए रखना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।


