HomeNEWSभाजपा देश की अर्थव्यवस्था के लिए संकट : अखिलेश यादव

भाजपा देश की अर्थव्यवस्था के लिए संकट : अखिलेश यादव

प्रयागराज में बोले सपा प्रमुख — महिला आरक्षण, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार पूरी तरह विफल

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा देश की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ा संकट बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील भाजपा के पतन का संकेत है और जो लोकसभा चुनाव में हार चुके हैं, वे अपील में भी हारेंगे।

मंगलवार को प्रयागराज में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा लगातार 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में है, फिर भी अर्थव्यवस्था क्यों लड़खड़ा गई और देश की आर्थिक स्थिति क्यों बिगड़ती चली गई।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार झूठ बोल रही है। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में संसद से पारित होकर कानून बन चुके बिल को लेकर भी भाजपा भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को वास्तविक आरक्षण देना ही नहीं चाहती और उसके मन में महिला आरक्षण को लेकर खोट है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, जबकि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने भाजपा को देश के लिए “खुद एक संकट” बताया।

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के निजी सचिव की हत्या के आरोपी के भाजपा नेताओं के साथ कथित संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आरोपी की तस्वीर भाजपा के कई नेताओं के साथ सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग ही इस प्रकार के कार्यों में शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि झांसी में हुए कथित 100 करोड़ रुपये के घोटाले में भाजपा के करीबी लोगों के नाम सामने आए हैं और मामले में सिफारिशें भी की जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments