HomeNEWSपरमट प्राथमिक विद्यालय पुनर्निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद

परमट प्राथमिक विद्यालय पुनर्निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद

जर्जर स्कूल भवन, बच्चों की सुरक्षा और निर्माण कार्य में बाधा को लेकर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने उठाए सवाल

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। परमट स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक Amitabh Bajpai ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति, पुनर्निर्माण कार्य में कथित बाधा और मजदूर से मारपीट के मामले को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

विधायक अमिताभ बाजपेयी ने बताया कि उन्होंने 08 जुलाई 2024 को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया था, जिसमें भवन अत्यंत जर्जर एवं बच्चों के लिए असुरक्षित पाया गया। विद्यालय परिसर में अव्यवस्थित विद्युत कनेक्शन सहित कई गंभीर खामियां सामने आई थीं। निरीक्षण के बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को अवगत कराया था।

विधायक के अनुसार विद्यालय के ध्वस्तीकरण एवं पुनर्निर्माण को लेकर लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त हुईं। उन्होंने दावा किया कि विद्यालय ध्वस्तीकरण का वर्क ऑर्डर भी जारी किया जा चुका है तथा विधायक निधि से पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

हालांकि हालिया घटनाक्रम में निर्माण कार्य को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर मौजूद मजदूरों एवं स्थानीय लोगों का आरोप है कि भाजपा नेता सुरेश अवस्थी द्वारा निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया गया तथा मजदूर के साथ मारपीट की गई। घटना से जुड़ी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।

विधायक अमिताभ बाजपेयी ने आरोप लगाया कि गरीब बच्चों के स्कूल निर्माण में राजनीतिक हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्तिगत स्वार्थ की नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा की है। उन्होंने कहा कि यदि गरीब बच्चों के स्कूल निर्माण के लिए पैर भी छूने पड़ें तो वह इसके लिए भी तैयार हैं, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुकना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय पुनर्निर्माण कार्य को बिना बाधा शीघ्र शुरू कराया जाए, बच्चों की सुरक्षा के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए तथा मजदूरों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

विधायक ने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से गरीब, मजदूर, छात्र और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे तथा बच्चों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments