ग्रीष्मावकाश से पूर्व विद्यालय में बाल साहित्य वितरण एवं फ्रूटी पार्टी का आयोजन, बच्चों को दिए संस्कार और शिक्षा के संदेश
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। उच्च प्राथमिक विद्यालय जुड़ा पुरवा, ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी में ग्रीष्मावकाश की पूर्व संध्या पर बाल साहित्य वितरण एवं फ्रूटी पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के अध्यापक प्रवीण कुमार की पुत्री एवं विधि छात्रा प्रकृति शर्मा द्वारा किया गया। यह आयोजन वर्ष 2015 से लगातार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेविका एवं अभ्युदय सेवा संस्थान उन्नाव की संरक्षिका तथा भारत विकास परिषद चंद्रशेखर आजाद शाखा उन्नाव की महिला संयोजिका निम्मी अरोड़ा उपस्थित रहीं। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना का गायन मानवी एवं सुहानी द्वारा प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि निम्मी अरोड़ा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन कम देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि केवल साक्षर होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संस्कारवान होना अधिक आवश्यक है। पुस्तकें बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करती हैं और उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करती हैं। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चिप्स, कुरकुरे एवं कोल्ड ड्रिंक वितरित कर स्नेह प्रदान किया।
कार्यक्रम की आयोजक प्रकृति शर्मा ने बच्चों को महिला अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि वितरित की जा रही पुस्तकों का सदुपयोग करें और ग्रीष्मावकाश के दौरान उन्हें पढ़कर ज्ञान अर्जित करें। उन्होंने बच्चों से पुस्तकों में बताई गई बातों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में गीता प्रकाशन की विभिन्न बाल साहित्य पुस्तकों का वितरण किया गया, जिनमें “बालकों की सीख”, “आदर्श देशभक्ति बालिकाएं”, “महाभारत की प्रमुख कहानी”, “गुरु माता-पिता के भक्त बालक”, “वीर बालक-बालिकाएं”, “जय हनुमान”, “आओ बच्चों तुम्हें बताएं”, “बाल रामायण”, “श्री कृष्णा”, “बालकों की दिनचर्या”, “चोखी कहानियां”, “उपयोगी कहानी” एवं “देवियों की कहानी” सहित कलर ड्राइंग बुक भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रवीण कुमार एवं गिरीश कुमार पाण्डेय द्वारा मुख्य अतिथि का सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मीना मंच की अध्यक्ष आयुषी एवं प्रकृति शर्मा ने निम्मी अरोड़ा को उनका स्केच चित्र भेंट किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अमित मिश्रा एवं माया उपाध्याय द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन गिरीश कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर शिवानी, संध्या, करिश्मा, राज, सौम्या, दीपाली, सुहानी, मानवी, रोली, हिमांशु, दिव्यांशु, धीरज, शिवम, आयुष, विनय, नैंसी, प्रियांशी, विशाल, आशिकी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।


