
प्याऊ केंद्रों और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अव्यवस्था मिलने पर कार्रवाई के निर्देश
- प्रतीक कुमार
महोबा। भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने शहर के सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख चौराहों तथा जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका द्वारा संचालित प्याऊ व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने प्याऊ केंद्रों पर पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता तथा रखरखाव की स्थिति की जांच की। कुछ स्थानों पर पानी की व्यवस्था न होने एवं अव्यवस्था पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका महोबा को निर्देशित किया कि सभी निःशुल्क प्याऊ केंद्रों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त छाया की व्यवस्था तथा पेयजल की गुणवत्ता का निरंतर परीक्षण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आमजन को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए इमरजेंसी वार्ड, औषधि वितरण केंद्र, पंजीकरण काउंटर एवं जनरल वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में अव्यवस्था पाए जाने पर सीएमएस का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, ठंडे पेयजल की व्यवस्था तथा इमरजेंसी वार्ड में एसी और कूलर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रखी जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


