HomeNEWSआरटीसी योजना के तहत झकरकटी बस अड्डा एवं टाटमिल चौराहे का निरीक्षण

आरटीसी योजना के तहत झकरकटी बस अड्डा एवं टाटमिल चौराहे का निरीक्षण

अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर सख्ती, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए गए निर्देश

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत दिनांक 20.05.2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार द्वारा झकरकटी बस अड्डा एवं टाटमिल चौराहा का भौतिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा यातायात व्यवस्था, सड़क पर वाहनों का दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था को बाधारहित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

झकरकटी बस अड्डे के बाहर अनाधिकृत रूप से सड़क पर खड़ी रोडवेज बसों के चालकों एवं परिचालकों को सख्त चेतावनी दी गई। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में केवल निर्धारित स्थानों पर ही बसों की पार्किंग एवं संचालन किया जाए। इसके साथ ही बस अड्डे के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया, जिससे यातायात प्रवाह को सुचारु बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि सभी चौराहों एवं तिराहों से कम से कम 100 मीटर के दायरे में ई-रिक्शा एवं ऑटो का अनावश्यक ठहराव न हो तथा सड़क पर अनाधिकृत रूप से रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाए।

महोदय ने कहा कि “RTC Scheme” का उद्देश्य शहर में यातायात को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एआरएम रोडवेज, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, संबंधित जोन टीआई, SHO रेलबाजार एवं थाना बाबूपुरवा पुलिस बल उपस्थित रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments