परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा-2026 गुरुवार को जनपद फतेहपुर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी फतेहपुर एवं पुलिस अधीक्षक फतेहपुर द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, फतेहपुर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था तथा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।


