संगठनात्मक मजबूती, मीडिया प्रबंधन और आगामी चुनौतियों पर कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 22 मई से पुरुषोत्तम ग्रीन, बिठूर में आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन श्री धर्मपाल सिंह संबोधित करेंगे। वह संगठन की कार्यपद्धति, कार्यकर्ता निर्माण एवं संगठनात्मक मजबूती के विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे।
द्वितीय सत्र को भाजपा विधायक नीलिमा कटियार संबोधित करेंगी। इस सत्र में देश के समक्ष मौजूद आगामी चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर चर्चा की जाएगी।
तृतीय सत्र मीडिया प्रबंधन विषय पर आधारित होगा, जिसमें भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी श्री अनूप अवस्थी एवं महेंद्र विक्रम सिंह कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान सोशल मीडिया, जनसंपर्क, मीडिया समन्वय तथा सरकार एवं संगठन की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के विषय पर जानकारी दी जाएगी।
चतुर्थ सत्र को श्री पवन प्रताप सिंह संबोधित करेंगे, जबकि पंचम सत्र में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री कमलेश मिश्रा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रशिक्षण वर्ग के छठे एवं अंतिम सत्र को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कमलावती सिंह संबोधित करेंगी।
प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की रीति-नीति, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, वैचारिक अधिष्ठान, सेवा कार्य एवं आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने प्रदान की।


