किसानों और आम जनता की समस्याओं पर सरकार को घेरा
समय टुडे डेस्क।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक तथा किसानों एवं आम जनता की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कन्नौज विधानसभा अध्यक्ष पी.पी. सिंह बघेल के नेतृत्व एवं समाजवादी पार्टी नेत्री शशिमा सिंह दोहरे के संयोजन में सौंपा गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे एवं समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन सहित अन्य नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव लगातार किसानों, युवाओं और गरीबों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाती थी, जबकि वर्तमान में जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।


ज्ञापन में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा गया कि डीजल के बढ़ते दामों के कारण सिंचाई, जुताई और परिवहन की लागत बढ़ गई है। साथ ही खाद और बीज की समय पर उपलब्धता नहीं होने से किसानों की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
प्रदेश सचिव आकाश शाक्य, जिला महासचिव राम सेवक राजपूत, सलोवा जिलाध्यक्ष अंशू पाल, छात्रसभा जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा सहित अन्य नेताओं ने भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार से तत्काल समस्याओं के समाधान की मांग की गई।


