
पीडीए आंदोलन को बताया सामाजिक न्याय और संविधान बचाने का अभियान
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2027 में पीडीए की सरकार बनाने के लिए समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने कार्यकर्ताओं को पूरी तरह मुस्तैद कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि गठबंधन सहयोगियों की जीत सुनिश्चित करना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक शक्ति का लाभ गठबंधन के सभी दलों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा यह मानती रही है कि “बात सीट की नहीं, जीत की है।”
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव किसी एक दल की सरकार बनाने का नहीं, बल्कि एक समुदाय की सरकार बनाने का चुनाव होगा और उस समुदाय का नाम पीडीए है। उन्होंने पीडीए को देश के उन 95 प्रतिशत लोगों का समूह बताया जो पीड़ित, उपेक्षित और अपमानित महसूस कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए आंदोलन वर्चस्ववाद और भेदभाव के खिलाफ नई आजादी का आंदोलन है, जिसका उद्देश्य संविधान और आरक्षण की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का मुख्य लक्ष्य सामाजिक न्याय की स्थापना करना है, ताकि सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान मिल सके।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाज में सौहार्द, शांति और समान विकास तभी संभव है जब सभी समुदायों को बराबरी का अधिकार मिले। उन्होंने पीडीए को “देशभक्ति का नया उद्घोष” बताते हुए सभी देशभक्तों से इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पीडीए संविधान के अनुरूप लोककल्याण और सर्वसमाज उत्थान का सकारात्मक आंदोलन है और जो लोग इस आंदोलन के साथ हैं, समाजवादी पार्टी हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।


