
कानून व्यवस्था मजबूत करने और साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की कही बात
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन का पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जोनल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयीय अनुशासन एवं समन्वय व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोपनीय शाखा, प्रधान लिपिक कार्यालय, वाचक कार्यालय, कंट्रोल रूम, सोशल मीडिया सेल सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता, समयबद्धता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता बनाए रखी जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था एवं जनसामान्य से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित संकलन, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने समन्वित रूप से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि कार्यालयीय कार्यों में अनुशासन, गोपनीयता और दक्षता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश भी दिए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने अपराध नियंत्रण, माफिया, साइबर अपराधियों एवं संगठित अपराध में संलिप्त तत्वों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।


