RTC स्कीम के तहत जाम और अव्यवस्थाओं को खत्म करने के दिए निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने शुक्रवार को सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बड़ा चौराहा, परेड चौराहा, ग्रीन पार्क चौराहा एवं मर्चेंट चैम्बर तिराहा की यातायात व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया। इस दौरान सड़क पर वाहन दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया।

डीसीपी ट्रैफिक ने निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों और तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ही ई-रिक्शा, ई-ऑटो एवं टेम्पो सवारियां बैठाएं और उतारें, ताकि यातायात बाधित न हो। साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े रहने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान चौराहों पर चिन्हित “चोक पॉइंट्स” की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रियों के अधिकतम यात्रा समय को कम किया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।
डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देशित किया कि शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।


