महिलाओं को अधिकार, सम्मान और समाजवादी विचारधारा से किया जागरूक
- विवेक कुमार
कानपुर देहात। डॉ. सीता यादव ने भोगनीपुर विधानसभा 208 के ग्राम सलेमपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित पीडीए चौपाल में महिलाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और समाजवादी विचारधारा से जुड़ने का संकल्प लिया।
चौपाल के दौरान डॉ. सीता यादव ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और देश का विकास संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी, ताकि हर महिला आत्मनिर्भर और सशक्त बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं को सम्मान और बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान गांव की महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी खुलकर रखीं, जिनमें बिजली, पानी, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। डॉ. सीता यादव ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
चौपाल में उपस्थित महिलाओं ने पीडीए विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में महिला सहभागिता बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।


