एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया सघन अभियान
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध प्रभावी और व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन कर रहे कुल 46 ट्रक एवं डंपरों को सीज किया गया। जांच के दौरान कई वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिनमें बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग तथा अन्य अनियमितताएँ शामिल थीं।

अभियान के दौरान मौके पर ही नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए कुल 70,29,590 रुपये का राजस्व शुल्क वसूला गया। इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं अनियमित परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में अवैध खनन पर किसी भी स्थिति में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित चेकिंग, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा संयुक्त टीमों के माध्यम से लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और राजस्व क्षति को रोका जा सके।


