HomeNEWSपुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मरकज़ी ईदगाह...

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मरकज़ी ईदगाह पहुंचकर संभाली सुरक्षा व्यवस्था

ड्रोन निगरानी, सीसीटीवी और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई ईद-उल-अज़हा की नमाज़

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व के अवसर पर रघुबीर लाल एवं जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मरकज़ी ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नमाज़ को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ईदगाह परिसर में बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग, ड्रोन निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि नमाज़ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं यातायात व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि नमाज़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ईद-उल-अज़हा की नमाज़ शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न हुई। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई थी। ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।

पुलिस एवं प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। प्रमुख मार्गों एवं ईदगाहों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नमाज़ के उपरांत पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल एवं जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने नमाज़ियों एवं बच्चों को ईद-उल-अज़हा की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं तथा सभी नागरिकों को मिल-जुलकर इन्हें मनाना चाहिए।

इस अवसर पर विपिन ताडा, अतुल श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments