HomeNEWSफतेहपुर में ड्रंक एंड ड्राइव अभियान: 43 वाहनों के चालान, ₹3.55 लाख...

फतेहपुर में ड्रंक एंड ड्राइव अभियान: 43 वाहनों के चालान, ₹3.55 लाख का जुर्माना

एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में टोल प्लाजाओं पर सघन चेकिंग, नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई

  • निखिल गुप्ता

फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के तहत जनपद के विभिन्न टोल प्लाजाओं पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जिंदपुर टोल प्लाजा पर क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव की उपस्थिति में यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेन्द्र कुमार राय एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की गई। वहीं बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई लालजी सविता तथा काटोघन टोल प्लाजा पर खागा सीसी टीम प्रभारी कृष्ण कुमार यादव एवं टीएसआई रामानंद द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए 21 ई-चालान किए गए, जिन पर कुल ₹2.10 लाख का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट के मालवाहक वाहनों के विरुद्ध भी अभियान चलाया गया, जिसमें 22 ई-चालान कर ₹1.45 लाख का जुर्माना वसूला गया।

इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 43 वाहनों के चालान करते हुए ₹3.55 लाख का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

फतेहपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments