एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस की सख्त मुहिम, नियम तोड़ने वालों को चेतावनी
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी यातायात ने पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान संचालित कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले दोपहिया वाहनों, प्रेशर हॉर्न और हूटर का अवैध उपयोग करने वाले वाहन चालकों, फाल्टी एवं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का प्रयोग करने वालों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों की विशेष रूप से जांच की गई।

यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं अन्य विधिक कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आमजन के लिए असुविधा और दुर्घटना का कारण भी बनते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, मानक नंबर प्लेट का प्रयोग करने, अनावश्यक हूटर एवं प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करने तथा किसी भी परिस्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाने की सलाह दी।
कानपुर देहात पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


