HomeNEWSमुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: फर्जी नर्सिंग डिप्लोमा और मार्कशीट बनाने वाले...

मुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: फर्जी नर्सिंग डिप्लोमा और मार्कशीट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़

10 अभियुक्त गिरफ्तार, फर्जी शैक्षिक दस्तावेज, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

  • सुनील त्यागी

मुजफ्फरनगर। धोखाधड़ी और जालसाजी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्सिंग से संबंधित फर्जी डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र और मार्कशीट तैयार कर बेचने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में फर्जी डिप्लोमा एवं मार्कशीट, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह विभिन्न व्यक्तियों का डाटा एकत्र कर उनके नाम से फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा, मार्कशीट एवं अन्य शैक्षिक दस्तावेज तैयार करता था।

गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित थी। अभियुक्त फर्जी दस्तावेजों पर क्यूआर कोड भी अंकित करते थे, जिससे वे वास्तविक दस्तावेजों जैसे प्रतीत हों। इसके बाद इन दस्तावेजों को लगभग 25 हजार रुपये प्रति दस्तावेज की कीमत पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था।

पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा तैयार किए गए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल रोजगार, पंजीकरण और अन्य संस्थागत प्रक्रियाओं में किए जाने की आशंका है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

मुजफ्फरनगर पुलिस ने कहा कि शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की जालसाजी जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments