स्कूल-कॉलेज, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर महिला सुरक्षा टीमों ने दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
- अमित कुमार
सीतापुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत जनपद की महिला सुरक्षा पुलिस टीमों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत समस्त थानों की महिला सुरक्षा टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों, प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों एवं बस स्टेशनों के आसपास भ्रमण कर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस दौरान टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर सतर्क निगरानी रखते हुए महिलाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं एवं महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या अन्य आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही महिलाओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने और किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा टीमों ने आमजन से संवाद स्थापित कर महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया तथा कहा कि सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


