कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी कंपनियों के जरिए कर रहे थे टैक्स चोरी, फर्जी ई-वे बिल से राजस्व को पहुंचाई जा रही थी भारी क्षति
मनीष कुमार
इटावा। आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए इटावा पुलिस ने करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी में संलिप्त थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी नाम, पते और व्यवसाय के आधार पर कागजों पर कंपनियों का पंजीकरण कराते थे। इसके बाद इन बोगस कंपनियों के नाम पर फर्जी ई-वे बिल और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर माल परिवहन को दर्शाया जाता था।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह व्यापारियों से माल के वजन के आधार पर कमीशन लेकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे जीएसटी चोरी को अंजाम देता था, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व की क्षति हो रही थी।
इटावा पुलिस ने बताया कि इस संगठित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऐसे गिरोहों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि राजस्व चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


