HomeNEWSआईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर डीसीपी सेंट्रल ने की समीक्षा बैठक

आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर डीसीपी सेंट्रल ने की समीक्षा बैठक

समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को स्वरूपनगर स्थित सेंट्रल कार्यालय में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की। बैठक में स्वरूपनगर, काकादेव, बेकनगंज, अनवरगंज, ग्वालटोली, चमनगंज और नवाबगंज थाना प्रभारियों के साथ आईजीआरएस से संबंधित कार्य देख रहे अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त ने शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की स्पष्ट, तथ्यपरक एवं संतोषजनक जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में कहा गया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण से पहले संबंधित अभिलेखों, तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जाए, ताकि शिकायतों का निष्पक्ष और प्रभावी समाधान हो सके। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर औपचारिक या कॉपी-पेस्ट जवाब देने की प्रवृत्ति से बचने के निर्देश भी दिए गए।

डीसीपी सेंट्रल ने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है, जिससे आमजन का विश्वास मजबूत हो और उन्हें संतोषजनक न्याय मिल सके।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक स्तर पर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता को प्राथमिकता दें, ताकि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का प्रभावी एवं भरोसेमंद समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments