
पुलिस परिवारों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षण गुणवत्ता सुधार पर 4 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी सिंह के दूरदर्शी दृष्टिकोण एवं सतत प्रयासों के तहत संस्था द्वारा पुलिस परिवारों के बच्चों के लिए उत्कृष्ट शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार कल्याण शिक्षा समिति द्वारा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से पुलिस मॉडर्न स्कूलों के अध्यापकों हेतु 01 जून 2026 से रिजर्व पुलिस लाइन, लखनऊ में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।


इस कार्यशाला में प्रदेश के 07 जनपदों, 11 पीएसी बटालियनों एवं पुलिस अकादमी मुरादाबाद से आए कुल 67 अध्यापक प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस मॉडर्न स्कूलों में शिक्षण गुणवत्ता को बेहतर बनाना, नवीन शिक्षण पद्धतियों को अपनाना, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा एक प्रभावी एवं भविष्य उन्मुख शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा समिति, वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती श्वेता सेंगर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वामा सारथी की सचिव डॉ. चारू गाबा सहित सदस्यगण श्रीमती निहारिका सिंह, श्रीमती मानिनी श्रीवास्तव एवं श्रीमती वीना सिंह उपस्थित रहीं।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से प्रशिक्षकों श्रीमती रोनिता शर्मा, श्री नंदन कुमार, श्रीमती रेशमा कृष्णनन एवं श्रीमती अनुपमा द्वारा प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया गया।
यह पहल पुलिस परिवारों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और अवसरों के विस्तार की दिशा में वामा सारथी के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है तथा संस्थागत सहयोग और विशेषज्ञता के माध्यम से शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


