
प्रयागराज, कलकत्ता, छत्तीसगढ़ और लखनऊ की टीमों ने लिया हिस्सा, खेल भावना को बढ़ावा देने पर जोर
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। प्रथम सेंट्रल/ईस्ट जोन एडवोकेट्स टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रयागराज, कलकत्ता, छत्तीसगढ़ और लखनऊ की टीमों के खिलाड़ियों एवं अधिवक्ता बंधुओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि आपसी समन्वय, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एन.के. सेठ, लखनऊ टीम के कप्तान मनीष मिश्र, प्रयागराज टीम के वरिष्ठ अधिवक्ता विजय सिंह, छत्तीसगढ़ टीम के कप्तान राहुल तमास्कर और कलकत्ता टीम के कप्तान तीर्थेश्वर दास सहित कई गणमान्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अवध बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र शर्मा अटल, अधिवक्ता शरद तिवारी, राजेश तिवारी, वैभव पांडेय, आशीष चतुर्वेदी, आनंद अवस्थी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता बंधुओं ने भी सहभागिता की।
टूर्नामेंट के आयोजन को अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और शहरों से आई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।


