HomeNEWSपीएम मित्र पार्क परियोजना की प्रगति की मंत्री राकेश सचान ने की...

पीएम मित्र पार्क परियोजना की प्रगति की मंत्री राकेश सचान ने की समीक्षा

लखनऊ के अटारी स्थित परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने ग्राम अटारी, माल (लखनऊ) में विकसित हो रही पीएम मित्र पार्क परियोजना की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं, कार्यों की वर्तमान स्थिति, सामने आ रही चुनौतियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने परियोजना से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है, इसलिए सभी कार्य गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

बैठक के बाद राकेश सचान ने पीएम मित्र पार्क परियोजना स्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि पीएम मित्र पार्क परियोजना उत्तर प्रदेश को वस्त्र एवं परिधान उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख टेक्सटाइल और परिधान उत्पादन केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments