HomeNEWSसुगम यातायात योजना के तहत नरौना चौराहे पर चला जागरूकता अभियान

सुगम यातायात योजना के तहत नरौना चौराहे पर चला जागरूकता अभियान

यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को किया गया जागरूक

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। शहर में सुगम यातायात योजना (Reducing Traffic Congestion-RTC Scheme) के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत मंगलवार को नरौना चौराहे पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में सेक्टर प्रभारी एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के दौरान बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने, तीन सवारी बैठाने, ऑटो रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने और बिना हेलमेट या हेलमेट स्ट्रैप लगाए दोपहिया वाहन चलाने वालों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा क्षमता से अधिक सवारी लेकर वाहन संचालन करने वाले चालकों को भी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। यातायात पुलिस ने आमजन के बीच जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। लोगों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट, कानपुर नगर ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments