निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- प्रतीक कुमार
महोबा। पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सुचितापूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और प्रशिक्षण वीडियो का अवलोकन किया गया। इस दौरान परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अभ्यर्थियों को बेहतर और सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


