HomeNEWSबरेली में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 50 बालिकाओं को किया...

बरेली में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 50 बालिकाओं को किया गया जागरूक

हेड फाउंडेशन और पैड वूमेन राखी गंगवार की पहल, निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन भी वितरित

  • दीपिका सिंह

बरेली। डीडीयू-जीकेवाई के एनपीए एजुकेयर वेलफेयर सोसाइटी परिसर में हेड फाउंडेशन के तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पैड वूमेन राखी गंगवार द्वारा किया गया, जिसमें 50 बालिकाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, ल्यूकोरिया (सफेद पानी की समस्या), स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव तथा नियमित जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर जागरूकता और समय पर उपचार बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में अतुल पराशरी, शिक्षिका सोनाली गुप्ता तथा पैड कंपनी से कोमल यादव और वंश यादव सहित संस्थान का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और बेटियों को सही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों को स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

“स्वस्थ बेटी, सुरक्षित बेटी — मासिक धर्म स्वच्छता है हर बेटी का अधिकार।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments