
सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
समय टुडे डेस्क।
कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद कन्नौज के भ्रमण के दौरान कोतवाली कन्नौज क्षेत्र स्थित कान्ह कुँवर इंटरमीडिएट कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत की गई तैयारियों का जायजा लिया।
इसके बाद अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कोतवाली कन्नौज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार, भोजनालय, बैरक, मालखाना, कार्यालय कक्षों तथा थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रख-रखाव की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने, परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कोतवाली में तैनात नवनियुक्त पुलिसकर्मियों से संवाद भी किया। उन्होंने जवानों को पुलिस सेवा के मूल दायित्वों, अनुशासन, जनसंपर्क, संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय एसपीओ के साथ एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग तथा जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आमजन के साथ बेहतर समन्वय विकसित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य किया जाए।


