प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में उरई में हुई बैठक, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
- तरुण कुमार
जालौन। उरई स्थित विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने की।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रमों का सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ कार्य कर रहे हैं।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन बेहतर समन्वय और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
इस दौरान कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल यादव, क्षेत्रीय मंत्री संजीव उपाध्याय, उरई सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जल शक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिला महामंत्री प्रशांत द्विवेदी, विवेक कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


