
विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान-2026 के लोगो का अनावरण, हरित विकास और स्वच्छ वायु पर जोर
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विश्व बैंक के सहयोग से ₹2,741 करोड़ की लागत वाली भारत की प्रथम एयर शेड आधारित ‘उत्तर प्रदेश स्वच्छ वायु प्रबंध परियोजना’ का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य के अंतर्गत संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के लोगो का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलें सामने आईं।

मुख्यमंत्री ने ‘उत्तर प्रदेश में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में प्रतिभाग किया तथा उत्तर प्रदेश के रामसर स्थलों के डॉकेट का विमोचन किया। इसके साथ ही पर्यावरण से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मैस्कॉट का भी अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और प्रगति के बीच संतुलन स्थापित करते हुए सरकार भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान की सफलता हेतु शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।


