
लखनऊ में हरियाली बढ़ाने का संदेश, मुख्य अतिथियों की मौजूदगी में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास भवन, इंदिरा नगर स्थित सौरभ नर्सरी द्वारा आज 5001 पौधों का निःशुल्क वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते वायु प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हर घर में हरियाली को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, क्षेत्रीय विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव, एमएलसी पवन सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ प्रफुल्ल कुमार शर्मा एवं जिला विकास अधिकारी अजीत कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में पर्यावरणप्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और पौध प्राप्त कर वृक्षारोपण का संकल्प लिया।
सौरभ नर्सरी के प्रोपराइटर सौरभ त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एक पौधा लगाना केवल कर्म नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज लिया गया संकल्प लखनऊ को पुनः “बागों का शहर” बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पर्यावरणविद चंद्र भूषण तिवारी एवं अमरेश शुक्ला को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सभी अतिथियों ने सराहना की।
नर्सरी प्रबंधन ने घोषणा की कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और हर वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर ऐसे आयोजन किए जाएंगे ताकि हरित भारत का लक्ष्य मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान कुल 5001 पौधों का वितरण किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित किया जा सके। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पौधे देकर सम्मानित किया गया तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की गई।


