HomeNEWSआरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह तैयार, पुलिस आयुक्त...

आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह तैयार, पुलिस आयुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

54 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, चेकिंग और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने पर जोर

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल आयोजन को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने अधिकारियों एवं परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की विशेष गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गोष्ठी में पुलिस आयुक्त ने कहा कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।

कमिश्नरेट कानपुर नगर के अंतर्गत बनाए गए 54 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुरक्षा, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, सुगम आवाजाही तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने परीक्षा के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम कासिम आबिदी, पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार, नोडल अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कमिश्नरेट पुलिस ने भरोसा जताया है कि सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments