ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर चैम्पियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन, क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम भार उठाकर बनाया नया कीर्तिमान
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। हरियाणा के करनाल में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर चैम्पियनशिप-2026 में कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस के आरक्षी सिद्धान्त सेठ ने स्वर्ण पदक जीतकर न केवल विभाग का बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता का आयोजन 23 मई से 27 मई 2026 तक किया गया, जिसमें देशभर की पुलिस इकाइयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
88 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए सिद्धान्त सेठ ने शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया। उन्होंने स्नैच में 120 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि सिद्धान्त सेठ ने क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में 160 किलोग्राम भार उठाकर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया। इससे पहले 89 किलोग्राम भार वर्ग में 158 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क का रिकॉर्ड दर्ज था, जिसे उन्होंने पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि की खेल जगत और पुलिस विभाग में व्यापक सराहना हो रही है।
सिद्धान्त सेठ का खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कोई नई बात नहीं है। वह वर्ष 2023 में भी राष्ट्रीय चैम्पियन रह चुके हैं और लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष पहचान दिलाई है।
आरक्षी सिद्धान्त सेठ की इस उपलब्धि से कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित होने का अवसर प्राप्त हुआ है। विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है, जो कठिन परिश्रम और लगन के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।


