कानपुर सेंट्रल जोन के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आज दिनांक 08 जून 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के प्रथम दिवस की प्रथम पाली के दौरान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा सेंट्रल जोन के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अभ्यर्थियों की सुचारु प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया, जिनमें राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), जीआईसी गर्ल्स इंटर कॉलेज चुन्नीगंज, हरसहाय पीजी कॉलेज (पी. रोड), ज्वाला देवी विद्या मंदिर (आनंद बाग), सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज एवं गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, फ्रिस्किंग प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न होती पाई गई तथा सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित पाए गए।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा परीक्षा के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं निर्बाध संचालन हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।


