
स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और ईंधन बचत का दिया गया संदेश, बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार फिट इंडिया मूवमेंट एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद फतेहपुर में साइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया।
यह साइकिल रैली इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, फतेहपुर एवं स्पोर्ट्स स्टेडियम के संयुक्त तत्वावधान में तथा चेयरमैन फतेहपुर एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में रेडक्रॉस भवन से प्रारंभ होकर स्पोर्ट्स स्टेडियम तक निकाली गई।
रैली को जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. निशात शहाबुद्दीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य, स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ी, सदाशिव इंटर कॉलेज रेल बाजार, विद्या त्रिपाठी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं अनेक सम्मानित नागरिक शामिल रहे।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए—
“साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ”, “साइकिल चलाओ, ईंधन बचाओ”, “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” — जिससे पूरा वातावरण जागरूकता और ऊर्जा से भर गया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था द्वारा पूर्व में भी जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता हेतु निरंतर अभियान चलाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। यह न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ाता है बल्कि ईंधन की बचत कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन यथासंभव साइकिल के उपयोग की अपील की।
रैली के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से सभी प्रतिभागियों को बिस्कुट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन डॉ. विवेक श्रीवास्तव, कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र अग्निहोत्री, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, चैतन्य कुमार, आजीवन सदस्य डॉ. वकील अहमद सिद्दीकी, आशीष गौड़ एडवोकेट, उमेश कुमार श्रीवास्तव, गोरेलाल लोधी, जितेंद्र शुक्ल (सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी), शैलेंद्र सिंह भदौरिया, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, सुजीत सिन्हा, अंगद सिंह चंदेल, मनीष सिंह, संजय गुप्ता, हिमांशु श्रीवास्तव, कौशल कुमार श्रीवास्तव, तथा खेल प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ खान (एथलेटिक्स), जितेंद्र यादव (खेलो इंडिया), मोहित यादव (हैंडबॉल), पुष्पेंद्र सिंह (क्रिकेट) सहित क्रीड़ा भारती के शुभम पाल, आर्मी ट्रेनिंग से अभिनेष मौर्य, आचार्य रामनारायण, सुधांशु कुमार एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने फिट इंडिया अभियान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


