दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज में सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निष्पक्ष परीक्षा संचालन के दिए निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल एवं जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, कानपुर नगर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, निगरानी एवं अभ्यर्थियों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से परीक्षा संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।


