दो पीआरवी की त्वरित समन्वित कार्रवाई से महिला अभ्यर्थी समय पर पहुंची परीक्षा केंद्र
- दीक्षा त्रिवेदी
अमेठी। जनपद अमेठी में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने आई अयोध्या निवासी एक महिला अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। समय की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सहायता के लिए आपातकालीन सेवा #112 उत्तर प्रदेश को सूचना दी।
सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का आकलन किया। कंट्रोल रूम के माध्यम से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
इसके बाद पीआरवी 6907 द्वारा महिला अभ्यर्थी को सुरक्षित रूप से थाना पीपरपुर की सीमा तक पहुंचाया गया, जहां पूर्व समन्वय के अनुसार मौजूद पीआरवी 6905 ने आगे की जिम्मेदारी संभाली और अभ्यर्थी को अपनी गाड़ी से समय रहते परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित एवं सकुशल पहुंचाया।
यूपी-112 की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से न केवल अभ्यर्थी समय पर परीक्षा में शामिल हो सकीं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं की प्रभावशीलता और पुलिस की तत्परता का भी एक और उदाहरण सामने आया।


