
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नवाचार के माध्यम से ‘मुस्कुराए यूपी’ अभियान को मिलेगा नया आयाम : डॉ. सिधांशु राय
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश को नवाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और खुशहाली के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित सभागार में ‘यूपी सुपर 200’ पहल का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर “विकसित यूपी – मुस्कुराए यूपी” विषय पर एक विशेष पैनल टॉक का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के संस्थापक एवं शिक्षाविद् डॉ. सिधांशु राय ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों की 200 प्रतिष्ठित हस्तियों को एक मंच पर लाकर विकास की इस महत्वाकांक्षी मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम और प्रत्येक नागरिक के चेहरे पर मुस्कान लाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि सरकार की नीतियों के अनुरूप ‘दि बेटर यूपी’ और ‘मुस्कुराए लखनऊ’ जैसे अभियानों की भी शुरुआत की जाएगी, जिनका उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनसहभागिता को बढ़ावा देना होगा।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. आदित्य पांडेय ने कहा कि वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘यूपी सुपर 200’ केवल एक मंच नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के लिए समर्पित एक प्रभावी एक्शन फोर्स है।
इस अवसर पर लखनऊ चैप्टर के अंतर्गत 11 सदस्यीय कोर टीम के गठन की घोषणा की गई। इसमें आईआईपी के प्रोफेसर अंशुमन श्रीवास्तव, विजन स्टार्टअप के संस्थापक सुधांशु रस्तोगी, साहित्यकार डॉ. मनीष शुक्ला, चीफ प्रॉक्टर डॉ. नीरज शुक्ला तथा स्पोर्ट्स मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सरनजीत सिंह सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व शामिल किए गए।
प्रो. अंशुमन श्रीवास्तव और सुधांशु रस्तोगी ने कहा कि जब अनुभवी और दूरदर्शी लोग एक साझा विजन के साथ जुड़ते हैं, तो ‘बेहतर यूपी’ का सपना साकार होना निश्चित है। वहीं मीडिया विशेषज्ञ डॉ. मनीष शुक्ला एवं नेशनल अवॉर्डी प्रधान दिलीप त्रिपाठी ने कहा कि यूपी सुपर 200 से जुड़े प्रबुद्धजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले ‘चेंज मेकर’ की भूमिका निभाएंगे।
नेचुरोपेथिस्ट डॉ. अमरनाथ कश्यप और सुशील तोमर ने इस मंच को प्रदेश के लिए एक प्रभावी थिंक टैंक के रूप में कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं डॉ. सरनजीत सिंह और डॉ. नीरज शुक्ला ने उत्तर प्रदेश के दीर्घकालिक विकास का ठोस रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता बताई। शिक्षाविद् अमित अग्रवाल ने ‘विकसित यूपी कॉन्क्लेव’ आयोजित करने का सुझाव दिया, जबकि इनोवेशन विशेषज्ञ विवेक मिश्रा एवं प्रो. नीरज श्रीवास्तव ने समाज में नवाचार आधारित सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सह-समन्वयक अखिल त्यागी ने बताया कि इस मंच में कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, बांदा सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व, शिक्षाविद्, चिकित्सक, उद्यमी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता किसान, नौकरशाह, खिलाड़ी एवं युवा शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीधर अग्निहोत्री ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राजीव तिवारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर नेशनल अवॉर्डी प्रधान दिलीप त्रिपाठी, एचबीटीयू एलुमनाई एसोसिएशन के डॉ. आर.पी. शर्मा, विमल अग्रवाल, डॉ. निधि अस्थाना, नरेंद्र अग्रवाल, अतुल अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


