HomeNEWSएडीजी कानपुर जोन ने भर्ती प्रक्रिया एवं यूपीपीएससी परीक्षा की तैयारियों की...

एडीजी कानपुर जोन ने भर्ती प्रक्रिया एवं यूपीपीएससी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की

अपर मुख्य सचिव गृह एवं पुलिस महानिदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, डीआईजी कानपुर रेंज, जोन के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षकों, बोर्ड ऑब्जर्वर, मुख्य नोडल अधिकारी एवं नोडल अधिकारियों (पुलिस/प्रशासन), डीवी/पीएसटी दल, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों तथा सुरक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में 15 जून 2026 से प्रारंभ होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत अभिलेखों की संवीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी अधिकारियों को शासनादेशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सत्यापन, परीक्षण स्थलों की निगरानी तथा प्रशासनिक समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव (गृह), उत्तर प्रदेश तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों में परीक्षा के सफल संचालन के लिए की गई तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों, संवेदनशील केंद्रों की निगरानी तथा पुलिस-प्रशासन के बीच स्थापित समन्वयात्मक कार्यवाहियों की विस्तृत जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

बैठक में भर्ती प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि दोनों महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments