
दो दिवसीय आगरा दौरे पर पहुंचे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, परिजनों से मुलाकात कर दी श्रद्धांजलि
- सुनील त्यागी
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को आगरा पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर जाकर उनके नाती के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
दो दिवसीय आगरा दौरे पर पहुंचे श्री अखिलेश यादव ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पहुंचकर की। इस दौरान उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुखद घड़ी में समाजवादी पार्टी की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
श्री अखिलेश यादव ने दिवंगत के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविवार, 14 जून को आगरा में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।


