HomeNEWSCSJM विश्वविद्यालय में 19-20 सितम्बर को होगी ‘ज्ञान सभा’, विकसित उत्तर प्रदेश...

CSJM विश्वविद्यालय में 19-20 सितम्बर को होगी ‘ज्ञान सभा’, विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा पर होगा मंथन

देशभर के कुलगुरु, शिक्षाविद, उद्योगपति और शिक्षा विशेषज्ञ होंगे शामिल, शिक्षा के भविष्य की दिशा तय करेगा सम्मेलन

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 19 एवं 20 सितम्बर 2026 को “विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा” विषयक दो दिवसीय ‘ज्ञान सभा’ का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों के संबंध में विश्वविद्यालय के दीनदयाल शोध केंद्र में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक संजय स्वामी ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए संजय स्वामी ने बताया कि ज्ञान सभा में “विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा” विषय पर व्यापक चिंतन और मंथन किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के सभी केंद्रीय, राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रांतीय संस्थानों के निदेशक तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में शिक्षाविदों, शिक्षकों और शिक्षार्थियों के साथ-साथ उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा को नई दिशा और दृष्टिकोण प्रदान करना है।

ज्ञान सभा में देशभर से शिक्षा विशेषज्ञों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप सशक्त बनाने पर सार्थक विमर्श हो सके। आयोजन को शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

बैठक में प्रांत संघ चालक भवानी भीख तिवारी, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. शशिकांत त्रिपाठी, संगम बाजपेयी, पी.पी.एन. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनूप सिंह, पूर्णेन्दु मिश्रा, मेजर हर्ष कुमार, प्रमोद द्विवेदी, डॉ. बिंदु सिंह, डॉ. सुमित कुमार गुप्ता, प्रबल प्रताप सिंह, प्रो. अनोखेलाल पाठक, डॉ. श्याम मिश्रा, प्रो. मिठाई लाल, प्रभा पाण्डेय, प्रेम हिन्द, हिमांशु तिवारी, क्षमा द्विवेदी, राहुल यादव, अंजली पाण्डेय, हरकोर्ट बटलर तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रो. प्रजेश, पूनम शुक्ला सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments