त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस आयुक्त ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता के साथ परीक्षण किया जाए और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्री रघुबीर लाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखना प्राथमिकता है। जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना है।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के प्रभावी निस्तारण तथा फरियादियों से संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।


