
सिविल लाइंस स्थित नई शाखा वित्तीय समावेशन को देगी मजबूती, क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मिलेगा प्रोत्साहन
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। सिविल लाइंस स्थित Indian Overseas Bank की ओईएफ (OEF) शाखा का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रो. विनय पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. विनय पाठक ने कहा कि नई शाखा की स्थापना क्षेत्र में वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने और बैंकिंग सेवाओं को आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार न केवल नागरिकों को लाभान्वित करता है, बल्कि स्थानीय व्यापार, उद्योग और उद्यमिता को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।
उन्होंने इंडियन ओवरसीज बैंक की पूरी टीम को नई शाखा के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि बैंकिंग संस्थान देश की आर्थिक प्रगति के प्रमुख स्तंभ हैं। ऐसी पहलें आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ विकास की गति को भी मजबूत करती हैं।
कुलपति ने विश्वास व्यक्त किया कि ओईएफ शाखा ग्राहकों को उत्कृष्ट, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हुए क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान बैंक अधिकारियों ने शाखा की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में बैंक प्रबंधन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


