HomeNEWSडीएम ने शिवानी को सौंपा ब्रिटेन से आया विशेष उपहार, कैलीग्राफी की...

डीएम ने शिवानी को सौंपा ब्रिटेन से आया विशेष उपहार, कैलीग्राफी की किताबें और पेन पाकर खिल उठा चेहरा

नॉर्थैम्प्टन के भारतीय मूल के चिकित्सक ने भेजा प्रोत्साहन उपहार, डीएम ने भेंट की गुल्लक और दी आगे बढ़ने की प्रेरणा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। अपनी सुंदर और आकर्षक हस्तलिपि के लिए चर्चा में आई कानपुर की छात्रा शिवानी को ब्रिटेन से विशेष प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है। नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने उसकी प्रतिभा से प्रभावित होकर कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन तथा अन्य अध्ययन सामग्री भेजी है। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने यह उपहार शिवानी को सौंपते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिवानी अपनी साफ-सुथरी, आकर्षक और अत्यंत व्यवस्थित हस्तलिपि के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी थी। उसकी लिखावट इतनी सुंदर है कि पहली नजर में वह कंप्यूटर से टाइप किया गया पाठ प्रतीत होती है। उसकी इसी असाधारण प्रतिभा को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व में उसे सम्मानित कर प्रोत्साहित किया था। इसके बाद उसकी कहानी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से देश ही नहीं, विदेशों तक पहुंच गई।

ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले डॉ. आशुतोष शर्मा ने जब सोशल मीडिया के माध्यम से शिवानी की कहानी देखी तो वह उसकी मेहनत, लगन और लेखन कला से प्रभावित हुए। उन्होंने महसूस किया कि ऐसी प्रतिभाओं को उचित प्रोत्साहन मिलना चाहिए। चूंकि उन्हें शिवानी का पता उपलब्ध नहीं था, इसलिए उन्होंने कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन और अन्य सामग्री जिलाधिकारी कानपुर नगर के पते पर भेजी। साथ ही एक पत्र लिखकर अनुरोध किया कि यह सामग्री शिवानी तक पहुंचा दी जाए।

डॉ. शर्मा द्वारा भेजे गए उपहार और पत्र प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनता दर्शन कार्यक्रम में शिवानी को आमंत्रित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रा को कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन तथा अन्य अध्ययन सामग्री भेंट की। उपहार पाकर शिवानी का चेहरा खुशी से खिल उठा।

जिलाधिकारी ने शिवानी को एक गुल्लक भी भेंट की और उसे बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रा से नियमित रूप से अभ्यास जारी रखने तथा कैलीग्राफी के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि भेजी गई पुस्तकों का गंभीरता से अध्ययन कर वह अपनी प्रतिभा को और अधिक निखार सकती है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिवानी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो मेहनत और लगन के बल पर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को यदि सही समय पर प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन मिले तो बच्चे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि शिवानी भविष्य में कैलीग्राफी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी और अपनी कला के माध्यम से कानपुर तथा देश का नाम रोशन करेगी। वहीं शिवानी और उसके परिजनों ने इस प्रोत्साहन के लिए जिलाधिकारी तथा डॉ. आशुतोष शर्मा का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments