
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विकास प्रदर्शनी में गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं अंत्योदय के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कानपुर देहात के माती स्थित ईको पार्क में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी” कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के कुशल एवं प्रभावी नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग सशक्त हो रहा है। सरकार की नीतियां समाज के सभी वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।

राज्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं जाति, वर्ग और क्षेत्र से ऊपर उठकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। यही कारण है कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई गति मिली है तथा देश आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विकास प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी आमजन को दी गई। बड़ी संख्या में लाभार्थी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


