पीस कमेटी बैठक में नई परंपराओं पर रोक, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
- मनीषा जैन
ललितपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं, ताजिया समितियों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
बैठक में मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जुलूसों के सुचारु संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष ताजिए की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। साथ ही किसी भी प्रकार की नई परंपरा अथवा नई गतिविधि शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम जुलूसों के निर्धारित मार्गों का समय से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि बिजली, पेयजल, सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले तथा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित धर्मगुरुओं, ताजिया समितियों और जनपदवासियों से अपील की कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही पर्व को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।


