योग शिविर के उपरांत चिकित्सकों ने वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
- रितिका शुक्ला
झांसी। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर इण्डियन इंटीग्रेटिड मेडिकल एसोसिएशन (आईआईएमए) झांसी द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित योग शिविर के समापन के पश्चात चिकित्सकों ने वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईएमए के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र पटसारिया ने की। उपस्थित चिकित्सकों ने महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को देश की अमूल्य धरोहर बताया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनका बलिदान आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में आईआईएमए के सचिव डॉ. राजेन्द्र सोनी, उत्तर प्रदेश महासचिव डॉ. अनुपम सिंह, संरक्षक डॉ. बी.डी. मोदी सहित डॉ. बी.एस. साहू, डॉ. विक्रम आनन्द, डॉ. नीलम आनन्द, डॉ. देवेश मनोचा, डॉ. राम करण राजपूत, डॉ. अनुभूति मोदी, डॉ. सुरेश कुमार गुप्ता, डॉ. केदार सेठ, डॉ. विवेक वर्मा, डॉ. पी.डी. पस्तोर, डॉ. अम्बर साहू, श्रीमती अनिता साहू, श्रीमती कीर्ति गुप्ता एवं श्री चन्द्रकांत चतुर्वेदी सहित अनेक चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रनायिका महारानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।


