गूगल मीट के माध्यम से अधिकारियों से किया सीधा संवाद, प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा
- मोहित कुमार
महोबा। जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शशांक सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय महोबा में गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
वर्चुअल जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुनते हुए प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा की।
बैठक के दौरान विभिन्न मामलों की प्रगति पर चर्चा की गई तथा संबंधित थाना प्रभारियों से सीधे संवाद स्थापित कर लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
महोबा पुलिस द्वारा आयोजित इस वर्चुअल जनसुनवाई का उद्देश्य पुलिस-जन संवाद को और अधिक मजबूत बनाना तथा आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।


